छत्तीसगढ़

CG BIG NEWS : एक ही परिवार की तीन बेटियों की... नदी में डूबने से मौत... फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आ रही है, जहां एक ही परिवार की तीन बेटियों की एक साथ जलसमाधि बन गई है। मामला शहर के कोनी थाना क्षेत्र का है, जहां तीन नाबालिग बहनें नहाने के लिए अरपा नदी गईं थीं। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि नदी की गहराई कितनी हैं और तीनों ही किशोरियां नदी में समा गईं। 

बताया जा रहा है कि, बिलासपुर के सेंदरी इलाके की 3 बहनें एक साथ अरपा नदी में नहाने के लिए गई थीं। इनका नाम पूजा पटेल, धनेश्वरी पटेल और रितु पटेल है। नहाने के लिए नदी में उतरते ही तीनों बहनें एक साथ गहराई में समाती चली गईं और उनकी मौत हो गई। किशोरियों को नदी में उतरते हुए किसी ने देख लिया, लेकिन जब किशोरियां बाहर नहीं आईं, तब अन्य लोगों को इकट्ठा किया गया। 

हादसे की शिकार हुईं तीनों बहनों के शव को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। वहीं इस हादसे की वजह अरपा नदी में अवैध उत्खनन को बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध उत्खनन की वजह से नदी की गहराई बढ़ गई है। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में जमकर आक्रोश नजर आ रहा है।