छत्तीसगढ़

समय पर स्कूल नहीं पहुंचने वाले 76 शिक्षकों का कटेगा वेतन, आदेश जारी

रायपुर। प्रदेश के सरकारी स्कूल में शिक्षकों के समय पर नहीं पहुंचने की शिकायत मिलती रहती है।  ऐसा कई शिक्षकों द्वारा बार-बार किया जाता है। प्रदेश के जांजगीर चांपा जिले के डीईओ को शिक्षकों के विलंब आने की सूचना नागवार गुजरी और उन्होंने जिले के 76 शिक्षकों के वेतन काटने के निर्देश दे दिए। डीईओ के निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि कई बार हिदायत देने के बाद भी कुछ शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आ रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार ये सभी शिक्षक 12 जुलाई से 21 जुलाई के बीच समय पर स्कूल में उपस्थित नहीं हुए। इतना ही नहीं शिक्षकों ने इसकी जानकारी प्राचार्य को भी नहीं दी। आपको बता दें कि जिले में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सभी स्कूल में प्राचार्य द्वारा प्रतिदिन गूगल फार्म भर कर शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को दी जाती है। 

इस रिपोर्ट के आधार पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने अब से तीन बार बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।