छत्तीसगढ़

प्रदेश के जूनियर डाक्टर 2 अगस्त से हड़ताल पर..... दो हजार से अधिक डाक्टर होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टर्स 1 अगस्त को OPD का बहिष्कार कर देंगे और 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। हड़ताल में जूनियर डॉक्टर्स के साथ बांडेड सीनियर रेसीडेंट और इंटर्न छात्र भी शामिल होंगे। जूनियर डाक्टर अपनी स्टायपेंड जल्द बढ़ाए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे।

अपनी मांग को लेकर विरोध जताने जूनियर डॉक्टर्स ने बीते गुरुवार से ही काली पट्टी बांधकर काम कर रहे है। इसके बाद भी किसी ने इनकी सुध नहीं ली। इसलिए जूनियर डॉक्टर्स ने हड़ताल पर जाने का फैसला किया है।  दूसरी ओर प्रदेश की नर्सें भी 11 अगस्त को सामूहिक अवकाश लेने वाली हैं। इसके बाद 21 अगस्त से वे भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी।  

मेडिकल कॉलेज द्वारा भी शासन को स्टायपेंड बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बता दें वर्तमान में जूनियर डॉक्टर को 53,550 रुपये से लेकर 59,220 रुपये स्टायपेंड मिल रहा है। वे इसे बढ़ाकर 95,488 से 1.01 लाख रुपये प्रति महीने करने की मांग कर रहे हैं। तो वहीं इंटर्न छात्रों को 12,500 रुपये व बांडेड सीनियर रेसीडेंट को 55 हजार रुपये स्टायपेंड दिया जा रहा है। जूडो का दावा है कि दूसरे राज्यों की तुलना में प्रदेश में स्टायपेंड कम दिया जा रहा है।