छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक से भाग लेकर लौट रहे थे बच्चे.... बच्चों से भरी पिकअप पलटी, 17 घायल

रायपुर। प्रदेश के मोहला-मानपुर  जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी मिली है कि स्कूली बच्चों से भरी पिकअप हादसे की शिकार हो गई है। बच्चों से भरी पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कुल 17 बच्चे घायल हुए हैं। जिसमें कुछ बच्चों को चोटें आई हैं और कुछ गंभीर हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।  मानपुर बीएमओ डॉ. गिरीश खोबरागड़े ने इसकी पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि सभी स्कूली छात्र छत्तीसगढ़ ओलंपिक में भाग लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। यह हादसा शिक्षा विभाग पर सवाल खड़ा करता है कि बच्चों को लापरवाही से पिकअप वाहन में क्यों लाया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश भर में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक चल रहा है। जिसमें स्कूली बच्चे विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं। वहीं मोहला-मानपुर जिले के जनपद के ग्राम बोगा फुलकोड़ो में भी खेल का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चे हिस्सा लेने पहुंचे। छत्तीसगढ़ी ओलंपिक में भाग लेने के बाद सभी बच्चे पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी ग्राम फुलकोड़ो और भर्रीटोला के बीच वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में कुल 17 बच्चे घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।