बिलासपुर बनेगा देश का पहला रेलवे स्टेशन... जहां से शुरु होने वाली है... यह खास सेवा
2023-08-08 04:35 PM
1097
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ समय से ट्रेन की आवाजाही का शेड्यूल बुरी तरह से बिगड़ा हुआ है। लगातार रद्द हो ट्रेनों की वजह से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, तो अधिक पैसे भी खर्च करने पड़ रहे हैं। इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र भी लिखा है। हालांकि इससे पहले छत्तीसगढ़ आए रेलवे जीएम ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल एक साल तक सेवा पूरी तरह से बहाल नहीं हो सकती है।
इस बीच एक अच्छी खबर निकलकर सामने आ रही है कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन से री-डेवलपमेंट प्लान के तहत झारसुगुड़ा तक चौथी लाइन का निर्माण किया जा रहा है। जिससे यात्री और मालगाड़ियों के लिए अलग लाइन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस निर्माण कार्य को 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है जिससे ट्रेनों की समय पर पहुँचने में सुधार होगा।
ऐसा होने पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन देश का पहला डिवीजन बनेगा, जिसमें चार लाइनें होंगी। इस परियोजना के पूरा होते ही बिलासपुर से जम्मू-कश्मीर, चेन्नई और अन्य दिशाओं के लिए ट्रेन सेवाएं शुरु हो जाएंगी। डीआरएम प्रवीण पांडेय ने बताया कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्लान को पूरा करने में 32 महीने की आवश्यकता है। यह प्लान सर्व सुविधायुक्त होगा और आने वाले 40 सालों में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दैनिक आने-जाने वाले यात्री संख्या 1.81 लाख से अधिक हो जाएगी। वर्तमान में रेलवे स्टेशन पर दैनिक आने-जाने वालों की संख्या 65 हजार है।