छत्तीसगढ़

ईयर फोन लगाकर पार कर रहा था पटरी, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

रायपुर। भिलाई के प्रियदर्शनी परिसर अंडर ब्रिज के समीप ट्रेन दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। पटरी पार करते समय मृतक ईयरफोन लगाया हुआ था। सुपेला पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।

सुपेला पुलिस के मुताबिक मृतक शशांक 33 वर्ष के कसारीडीह दुर्ग का रहने वाला था। कल दोपहर को शशांक अपने दोस्त प्रियंक तिग्गा और भोजराज बघेल के साथ भिलाई की तरफ घूमने निकला था। तीनों प्रियदर्शनी परिसर अंडरब्रिज के पास पहुंचे। इसके बाद गाड़ी खड़ी कर रेलवे ट्रैक के उस पार चाय पीने बैठे थे। चाय पीने के बाद दोपहर डेढ़ से दो बजे के बीच वे रेलवे ट्रैक पार कर फिर से अंडर ब्रिज की तरफ नीचे उतर रहे थे। प्रियंक और भोजराज रेलवे ट्रैक पार कर चुके थे पीछे शशांक आ रहा था। तभी उन्होंने देखा कि हाई स्पीड से ट्रेन आ रही है। दोनों दोस्तों ने शशांक को काफी आवाज लगाई लेकिन वो नहीं सुना और ट्रेन के किनारे का हिस्सा उसके पीछे से टकराया।

ट्रेन की ठोकर से वह हवा में उछला और दूर जा गिरा। उसे काफी गहरी चोटें आई। दोस्तों ने तत्काल एंबुलेंस को बुलाकर उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के समय भी शशांक ईयर फोन लगाया हुआ था। दोस्तों ने बताया कि शशांक हमेशा अपने कान में इयर फोन लगाए रखता था। मना करने पर भी वो नहीं मानता था। शशांक का विवाह हो चुका था उसकी 1 साल की बच्ची भी है।