छत्तीसगढ़

भाजपा के वरिष्ठ नेता भोजवानी का निधन... पार्षद से मंत्री तक का तय किया सफर... अंतिम संस्कार आज

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता लीलाराम भोजवानी का निधन हो गया है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर की अस्तपाल में भर्ती किया गया था। अस्पताल में उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी इसके बाद परिजनों ने लीलाराम भोजवानी को वापस राजनांदगांव ले जाने का फैसला किया इसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

लीलाराम भोजवानी को एंबुलेंस पर वेंटिलेटर सपोर्ट के जरिए राजनांदगांव भेजा गया था। लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार राजनांदगांव में ही गुरुवार शाम को किया जाएगा।

अविभाजित मध्यप्रदेश में लीलाराम मंत्री भी रहे हैं। वर्तमान में भोजवानी डॉक्टर रमन सिंह के विधायक प्रतिनिधि थे। राजनांदगांव की राजनीति में सक्रिय रहे लीलाराम भोजवानी की दो दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ी थी।

 

पार्षद से मंत्री तक का सफर

लीलाराम पहली बार साल 1965 में राजनांदगांव नगर निगम में पार्षद बने। 1990 में पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता, फिर 98 में भी वापस विधायक चुने गए । मध्य प्रदेश के जमाने में श्रम विभाग में मंत्री रहे इसके अलावा उन्होंने साल 2000 से विधायक दल के कोषाध्यक्ष, राजनांदगांव भाजपा के जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारियां भी संभाली। भोजवानी पत्रकारिता से भी जुड़े रहे। कई बार मजदूर, मुर्रा पोहा श्रमिकों, झुग्गी झोपड़ी वासियों की समस्या और सामाजिक संस्थाओं के आंदोलन की वजह से जेल भी जा चुके थे।