पंजाब से आकर दोस्तों के साथ... छत्तीसगढ़ में पिकनिक मनाने गया युवक... डैम में डूबकर हो गई मौत
2023-08-20 02:56 PM
396
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के टीपाखोल डैम में डूबने से एक युवक की मौत हो गई है। वह पंजाब में जॉब करता था। दोस्तों के बीच हुई बात के बाद वह अपने परिजनों को बगैर खबर किए छत्तीसगढ़ आ गया। अपने घर जाने की बजाय वह पिकनिक मनाने के लिए डैम चला गया, जहां नहाने के दौरान वह डैम की गहराई में खींचता चला गया। आखिरकार उसकी लाश रविवार सुबह बरामद की गई।
जानकारी के मुताबिक डूबने वाला युवक शेखर शर्मा जेपीएल कंपनी के AGM अजय शर्मा का बेटा था। पंजाब के चंडीगढ़ में उसकी जॉब थी। वह शनिवार को रायगढ़ तो पहुंचा, लेकिन अपने परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी, बल्कि दोस्तों के साथ टीपाखोल डैम पिकनिक मनाने चला गया। घटना शाम 5 बजे की है, जब शेखर नहाने के लिए डैम में उतरा था। गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वह पानी में फंस गया, अंतत: डूबकर उसकी मौत हो गई।
हैरान रह गए पिता
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शेखर के पिता को घटना की जानकारी दी, तो वे इस बात से हैरान थे कि उनका बेटा चंडीगढ़ में था। इसके बाद वे खुद भी टीपाखोल डैम पहुंचे, जहां पूरी रात इंतजार के बाद रविवार सुबह शेखर की लाश को बाहर निकाला गया।