मध्य प्रदेश एटीएस ने हार्डकोर नक्सली दंपती को दबोचा.... दंपती छत्तीसगढ़ की निवासी, मप्र में थी सक्रिय
रायपुर। मध्य प्रदेश एटीएस को जबलपुर में हार्डकोर नक्सली के आने की भनक लगी थी। एटीएस एक्शन में आई और उसने एक महिला नक्सली को दबोच लिया। गिरफ्तार महिला की शिनाख्त हार्डकोर महिला नक्सली रैमती उर्फ कुमारी पोटाई 43 साल के रूप में हुई। जो अशोक उर्फ बलदेव की पत्नी बताई जा रही है। अशोक उर्फ बलदेव रेड्डी एक हार्डकोर नक्सली है। इस दंपती पर पुलिस ने लाखों के ईनाम की घोषणा की है।
रैमती की गिरफ्तारी के बाद एटीएस के विशेषज्ञों ने उससे पूछताछ की। इससे एटीएस को अशोक उर्फ बलदेव रेड्डी का भी सुराग पता चल गया। फिर क्या था बिना समय गंवाए टीम ने जबलपुर में जाकर घेराबंदी की। तो वहां से हार्डकोर नक्सली अशोक उर्फ बलदेव रेड्डी 62 साल को गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि अशोक की पत्नी रैमती की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी, इसलिए वह इलाज कराने जबलपुर आया और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अशोक अपनी बीमार पत्नी रैमती को लेकर बस्तर से एमएमसी जोन के भीतरी जंगलों से होता हुआ जबलपुर पहुंचा था।