रायपुर पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, विधानसभा चुनाव की तैयारियों की करेंगे समीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी बुधवार देर शाम रायपुर पहुंचे। राजीव कुमार छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वामी विवेकानंद विमानतल पर स्वागत किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त धर्मेन्द्र शर्मा और नितेश व्यास, उप निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार साहू और आरके गुप्ता, वरिष्ठ प्रधान सचिव एन.एन. बुटोलिया, प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और अवर सचिव रितेश सिंह भी रायपुर पहुंचे हैं।