छत्तीसगढ़

Crime News प्रेमिका के चक्कर में पत्नी की हत्या, कत्ल से पहले कराया बीमा

रायपुर।  महासमुंद में हुई एक अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने दो साल पहले हुई महिला की हत्या मामले में उसके पति को ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कत्ल की वारदात को इतनी बारिकी से अंजाम दिया था कि दो साल तक कातिल पुलिस के पहुंच से दूर रहा। हालांकि आरोपी पकड़ में आ ही गया। 
 
दरअसल महासमुंद के पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर पुराने पेंडिंग मामलों के निराकरण के आदेश दिए गए थे। दो वर्ष पहले हुए संतोषी यादव के हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली थे। पुलिस ने फिर से मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि उसके पति परमानंद यादव का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध था।  इतना ही नहीं हत्या के 20 दिन पहले ही आरोपी ने अपनी पत्नी का 16 लाख रुपयों का टर्म इंश्योरेंस कराया था।
 
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि परमानंद यादव के प्रेम संबंध की जानकारी उसकी बीवी संतोषी को मिल गई थी। संतोषी आए दिन अपने पति को इस संबंध में रोक-टोक, मना करती थी, जिसकी वजह से पत्नी और पति के बीच आए दिन झगड़ा होता था। ऐसे में पत्नी से होने वाले विवाद से परेशान होकर आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की साजिश की। इसके तहत ही घटना के 20 दिन पहले ही अपनी पत्नी के नाम से 16 लाख का टर्म लाइफ इंश्योरेंस कराया। ताकि पत्नी की मौत के बाद 16 लाख उसे मिल जाएं।
 
पुलिस के मुताबिक परमांनद पहले अपने भाई के घर महासमुंद गया। वहां से फिर अपने भाई के साथ बम्हनी गांव पहुंचा। जहां पत्नी की हत्या की। इसके बाद फिर आरोपी बम्हनी से महासमुन्द आ गया। लगातार पुलिस को हत्या के बाद गुमराह करता रहा। पति लाइफ इंश्योरेंस के पैसे का क्लेम करने के लिए थाने में जाकर पूछता था। सर केस क्लोज कर दिए क्या। एक बार दो बार नहीं, जब भी थाने आता यही पूछता था, सर केस क्लोज कर दिए क्या।
 
ऐसे में पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी पति ने परत-दर-परत मर्डर मिस्ट्री की पूरी कहानी बताई। बीते 18 फरवरी को पुलिस ने मामले का खुलासा किया।