BREAKING NEWS : सीआरपीएफ के 25 जवान फूड पॉइजनिंग के शिकार... नाश्ते में मिला था छोले—भटूरे... फिर शुरु हो गई उल्टी—दस्त
2023-02-19 03:15 PM
200
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत दंतेवाड़ा में तैनात सीआरपीएफ के 25 जवान फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए हैं। सुबह के नाश्ते के बाद 25 जवानों की हालत बिगड़ती चली गई। आनन—फानन में सभी जवानों को एनएमडीसी अपोलो अस्पताल बचेली में दाखिल किया गया है। कुल 25 में से 5 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका उपचार अभी भी जारी है।
दंतेवाड़ा से आ रही बड़ी खबर के मुताबिक रविवार सुबह सीआरपीएफ के जवानों ने छोले—भटूरे का नाश्ता किया था। नाश्ता करने के महज आधे घंटे बाद जवानों को बेचैनी महसूस हुई, उसके बाद पेट दर्द, उल्टी और दस्त का सिलसिला चल पड़ा। जिसकी सूचना अधिकारियों को मिली, तो उन्होंने तत्काल सभी जवानों को उपचार के लिए एनएमडीसी अपोलो हॉस्पिटल बचेली में दाखिल कराया।
वजह जानने जांच शुरु
रोज की तरह जवानों को समय पर नाश्ता तो दिया गया, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक साथ इतनी बड़ी तादाद में जवानों को फूड पॉइजनिंग होना, व्यवस्था पर करारा तमाचा है। बहरहाल मामले की जांच शुरु होने की जानकारी सामने आ रही है। फिलहाल गंभीर 5 जवानों का उपचार अब भी जारी है, शेष मरीज जिनकी स्थिति सामान्य हो चुकी थी, उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।