छत्तीसगढ़ के इस IPS ने गाया 'तु मेरी जिंदगी है'... तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी महफिल
2023-08-28 02:59 PM
345
दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ की स्टील सिटी भिलाई के सेक्टर—4 स्थित एसएनजी स्कूल के ऑडिटोरियम में स्टार नाइट म्यूजिकल ने नदीम—श्रवण संगीत नाइट का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा थे। इस मौके पर एसपी दुर्ग शलभ सिन्हा ने कहा कि नदीम श्रवण संगीत नाइट का आयोजन अत्यंत सराहनीय है। स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा यहां पर हमें देखने को मिल रही है। उन्होंने समस्त प्रतिभावान कलाकारों को व आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर एसपी दुर्ग ने फिल्म आशिकी का कुमार सानू द्वारा गया हुआ गीत, तू मेरी जिंदगी है, गाकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। जैसे ही गीत की शुरुआत हुई, पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के डायरेक्टर टी. विशाल ने नदीम श्रवण के संगीत में निर्मित कुमार सानू के गीत ये दुआ है मेरी रब से, मैं दुनिया भुला दूंगा तेरी चाहत में, जीता था जिसके लिए जिसके लिए मरता था जैसे यादगार गीत गाकर समा बांधा।उनका साथ जान्हवी व वीना ने बखूबी दिया। पीटी उल्लास ने जिंदा रहने के लिए तेरी कसम एक मुलाकात जरूरी है सनम गाकर समा बांधा। माधुरी ने दिलबर दिलबर गीत गाकर तालियां बटोरी।
देबब्रत राय व यासमीन ने ऐसी दीवानगी देखी नहीं कभी, गाकर समां बांधा। कार्यक्रम में जयकुमार, आरती, वीणा, शाहिद, संस्कृति, श्रीनिवास, जानवी, मनोज, राजू सहित अनेक कलाकारों ने भिन्न-भिन्न गीतों के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में टी. विशाल, राजा जैन, सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।