छत्तीसगढ़ में बैंक घोटाला... साढ़े 3 करोड़ लेकर फरार था पूर्व मैनेजर... अब जाकर चढ़ा पुलिस के हत्थे
2023-09-04 07:46 PM
356
रायगढ़। जिला ग्रामीण बैंक के 165 खाता धारकों के खाते में छेड़छाड़ कर 3 करोड़ 57 लाख रुपए का गबन कर फरार पूर्व मैनेजर राहुल कुमार शर्मा और उसकी मां वीणा शर्मा को रामगंज थाना क्षेत्र के गोविंद नगर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी राहुल शर्मा ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक के रूप में 31 नवंबर 2021 से 18 जुलाई 2022 तक रायगढ़ में कार्यरत था। मामले का खुलासा होने के बाद वह बैंक के मेन गेट और तिजोरी की चाबी लेकर फरार हो गया था। तब से छत्तीसगढ़ पुलिस को उसकी तलाश थी। इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस पहले ही राहुल शर्मा के सहकर्मी हरिप्रिया और राहुल मेहता को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस को सूत्रों से जानकारी मिली थी कि राहुल और उसकी मां वीणा शर्मा अजमेर में गोविंदनगर इलाके में रहकर फरारी काट रहे हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस टीम ने रविवार को रामगंज थाना स्टाफ की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला रायगढ़ के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में 20 जुलाई 2022 को सामने आया था। इस मामले में छग राज्य ग्रामीण बैंक के मैनेजर संदीप ठाकुर ने पूर्व प्रबंधक राहुल कुमार शर्मा निवासी न्यू गोविंद नगर अजमेर के विरुद्ध गबन की एफआईआर दर्ज कराई थी।