छत्तीसगढ़

BIG NEWS : सुबह की सैर पर निकले थे भिलाई सेक्टर 4 के लोग... अचानक आई धड़ाम की आवाज... मारे खौफ में घर की ओर भागे लोग

भिलाई। छत्तीसगढ़ की स्टील सिटी यानी भिलाई में मंगलवार सुबह तकरीबन 6 बजे जब लोग सुबह की सैर पर निकले थे। शहर अपनी गति से रफ्तार पकड़ ही रहा था, तभी भिलाई सेक्टर 4 में धड़ाम की तेज आवाज आई। लोग कुछ समझ पाते, ऐसा कुछ उन्हें नजर नहीं आया, तो मारे खौफ के ज्यादातर लोग अपने घरों की तरफ भागते हुए नजर आए। 

कुछ देर बाद उस तेज धड़ाम की आवाज के विषय में जानने का प्रयास लोगों ने किया, तो बात सामने आई कि सेक्टर 3 और 4 को जिस पानी टंकी से जलापूर्ति की जाती थी, वही टंकी आज सुबह 6 बजे भरभराकर धरासायी हो गई। 

इस बात की खबर लगते ही भिलाई के विधायक देवेन्द्र यादव, भिलाई महापौर नीरज पाल सहित भिलाई स्टील प्लांट और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गनीमत यह रही कि इस पानी टंकी के गिरने से किसी तरह की जन हानि या चीजों को नुकसान नहीं पहुंचा है। 

सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि इस पानी टंकी से दो सेक्टर के हजारों घरों में पानी सप्लाई होती थी, जो अब बाधित हो गई है। फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टैंकरों से पानी आपूर्ति की जा रही है, लेकिन इतनी बड़ी तादाद में समय पर लोगों को पानी उपलब्ध हो पाएगा, संभव नहीं है।