रतनपुर के समीप केंदा घाटी में यात्रियों से भरी बस पलटी... दो की मौत, 25 घायल
रायपुर। बिलासपुर से रतनपुर की ओर जा रही यात्रियों के भरी लग्जरी बस केंदा घाटी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो वहीं 25 से अधिक घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रतनपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केंदा घाटी में लग्जरी बस पलट गई। 108 की फोन कर सभी घायलों को अस्पताल लाया गया। घटना आज सुबह की बताई जा रही है। घटना के वक्त बस में 40-45 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही 108 की टीम ने तत्काल 4-5 एबुंलेंस को घटना स्थल के लिए रवाना किया। घटनास्थल पर पहुंचकर एंबुलेंस कर्मियों ने पाया कि बस मे बहुत सारे लोग फंसे हुए हैं।
पुलिस की रेस्क्यू टीम, 108 की टीम तथा स्थानीय लोगों ने बस में फंसे लोगों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के द्वारा केंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गय़ा। जहां से उन्हें सिम्स हॉस्पिटल बिलासपुर के लिए रेफर किया गया, जहां मरीजों का इलाज जारी है।