नक्सलियों का बीजापुर बंद… इससे पहले मचाया उत्पात, गाड़ियों में लगाई आग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नक्सल प्रभावित इलाके में अपनी मौजूदगी बताने के लिए नक्सलियों ने आतंक मचाना शुरू कर दिया है। नक्सलियों ने आज यानी 26 अक्टूबर को बीजापुर बंद का आह्वान किया है। बताया जा रहा है कि नक्सली नेता नागेश पदम के एनकाउंटर में मारे जाने से नक्सली नाराज हैं, उसके बाद ही उन्होंने बंद का आह्वान किया है।
नक्सलियों के इस बंद के चलते इलाके में फोर्स बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही सर्चिंग भी तेज कर दी गई है। बता दें कि नक्सल प्रभावित इलाके में 7 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। इसके लिए अलग से भी कंपनियां मंगाई गई है, जिससे वोटिंग के दौरान नक्सली उत्पात न मचा सकें।
इससे पहले बीजापुर हाईवे पर नक्सलियों ने गाड़ियों की आवाजाही रोक दी थी। यहां दो बस को रोका गया था, जिसमें एक बस को नक्सलियों ने बैनर पोस्टर लगाकर वापस बीजापुर की ओर भेज दिया, जब तक वह दूसरी बस को लेकर कोई कार्रवाई करते. तब तक सुरक्षाबलों की टीम वहां पहुंच गई. टीम ने बस को सुरक्षित रायपुर की ओर रवाना कर दिया.अब बीजापुर नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल किया गया है। बीजापुर के एएसपी ने इस बात की पुष्टि की है।