छत्तीसगढ़

विधानसभा चुनाव 2023: पहले चरण के लिए इन्होंने कर लिया मतदान... इनके घर पहुंचा मतदान दल

रायपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों तक पहुंच पाने में असमर्थ दिव्यांग मतदाताओं सहित 80 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध मतदाताओं के लिए डाक मतपत्र के माध्यम से घर पर ही मतदान करने की व्यवस्था की गई है। जिसके तहत गुरुवार को जिले में ऐसे दिव्यांग मतदाताओं के साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के वयोवृद्ध मतदाताओं ने डाक मतपत्र के जरिये अपने मताधिकार का उपयोग किया। इन दिव्यांग मतदाताओं तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वयोवृद्ध मतदाताओं से मतदान कराये जाने के लिए मतदान दल उनके घर पहुंची थी।

जगदलपुर शहर के पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड निवासी 86 वर्षीया बुजुर्ग महिला मतदाता उषा खेडुलकर ने उम्रदराज होने और चलने-फिरने की दिक्कत के बावजूद डाक मतपत्र से मतदान किया। उनकी पड़ोसी 86 वर्षीया राजरानी चोपड़ा ने भी डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। इसी वार्ड के 81 वर्षीया स्वर्णदेवी मिस्त्री तथा 82 वर्षीया मरियम सोनी भी घर में डाक मतपत्र के द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया।

बतादें कि छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जगदलपुर सहित राजनांदगांव जिले की 20 विधानसभा सीटों में मतदान होना है। इन स्थानों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।