नारायणपुर में ब्लास्ट... एक जवान शहीद और एक घायल... सीएम ने किया शहादत को नमन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के आमदई माइंस की सुरक्षा में लगे जवानों को नक्सलियों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया है। आईईडी ब्लास्ट में एक जवान शहीद हो गया है और एक जवान घायल हो गया। शहीद कमेलश साहू जांजगीर चांपा जिले के हसौद गांव का रहने वाला था। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आईईडी ब्लास्ट में शहीद जवान कमलेश साहू की शहादत को नमन करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने बताया कि नारायणपुर के थाना छोटेडोंगर क्षेत्र अंतर्गत अमदाई खदान में सोमवार को करीब 11:00 बजे नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट और फायरिंग की। जवाब में सुरक्षा बलों द्वारा फायरिंग की गई। नक्सलियों के हमले CAF के 9वीं वाहिनी का एक जवान आरक्षक कमलेश कुमार शहीद हो गए। वहीं एक जवान आरक्षक विनय कुमार को मामूली चोट आई है, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है।
बता दें माइंस में जगह-जगह आईईडी लगाने की नक्सलियों ने पहले ही चेतावनी दी थी। इससे पहले आईईडी ब्लास्ट में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। इसके अलावा नक्सलियों ने आमदाई खदान में काम के लिए लगी 16 गाड़ियों को भी जला दिया था। साथ ही वहां के कर्मचारियों को बंधक भी बनाया था। 11 दिसंबर को सुकमा थाना क्षेत्र के क्रिस्टाराम क्षेत्र के डब्बाकोंटा कैंप में सड़क सुरक्षा के लिए निकले सीआरपीएफ 217 व कोबरा 208 के जवान आईडी के चपेट में आ गए थे। इस दौरान दो जवान घायल हुए थे, उन्हें एयर एंबुलेंस की मदद से रायपुर रेफर किया गया था।