छत्तीसगढ़

जानवरों के शिकार के लिए बिछाया बिजली करंट.. युवक खुद ही आया चपेट में, मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन्यप्राणी के शिकार के लिए जंगल गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक युवक जंगली जानवर के शिकार के लिए विद्युत तार बिछाकर रखा हुआ था, जिसके चपेट में आने युवक की मौत हो गई।

घटना बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी इलाके के वार्ड-15 भगवानपुर जंगल की है। जहां कुछ लोग जंगली जानवर का शिकार करने के उद्देश्य से बीते रात को जंगल गए हुए थे। जहां अन्य लोग घर लौट गए लेकिन जितेंद्र उर्फ मुन्ना नाम का युवक घर नहीं लौटा, मृतक युवक जितेंद्र के भाई को जंगल से लौटे कुछ लोगों द्वारा ये बताया गया कि वह जंगल में गुम हो गया है।

इधर मृतक के परिजन कुछ स्थानीय लोगों संग युवक की तलाश करने जंगल की तरफ गए, उसी दौरान युवक घटना स्थल पर मृत पड़ा मिला, आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई होगी। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।