रायपुर, बिलासपुर और कांकेर जिले में मिले कोरोना के एक-एक मरीज... आज शाम सीएम करेंगे तैयारियों की समीक्षा
रायपुर। कोरोना ने भारत में एक बार फिर दस्तक देकर देश के कई राज्यों में अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। कोरोना का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे के भीतर तीन नए मरीजों की पुष्टि हुई है। रायपुर, बिलासपुर और कांकेर जिले में एक-एक नए संक्रमित मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। कोरोना से निपटने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पहले ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं।
कोरोना वायरस से निपटने से जुड़ी तैयारियों के संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शाम 4 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टर, नगरीय निकाय अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसमें प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर किए जाने वाले एहतियात के संबंध में समीक्षा की जाएगी।
पूर्व में जारी कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों तथा कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे मास्क लगाना, साबुन से हाथ धोना, सेनेटाईजर का उपयोग करना, सोशल डिस्टेंसिंग अपनाएं, संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों से दूरी बनाकर रखना इत्यादि नियमों का पालन करें। सर्दी, खांसी, बुखार या स्वांस में तकलीफ होने पर नज़दीकी स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल में उपस्थित होकर जांच कराएं।