बीजापुर में नक्सली मुठभेड़.... एक जवान घायल... तीन नक्सलियों को गोली लगने की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से बड़ी नक्सल खबर निकलकर सामने आ रही है। नक्सलियों के भारत बंद के ऐलान के बीच जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ जांगला थाना अंतर्गत पोटेनार के जंगल में हुई, जिसमें दो से तीन माओवादियों को गोली लगी है। वहीं मुठभेड़ के दौरान प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक जवान घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला बीजापुर के थाना जांगला क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोटेनार के जंगल में भैरमगढ़ एरिया कमेटी के माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी और बस्तर फाइटर की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान दोपहर लगभग 3:30 बजे पोटेनार के जंगलो में पुलिस पार्टी और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, मुठभेड़ में 2-3 माओवादियों को गोली लगने की संभावना है।
मुठभेड़ के दौरान माओवादियों के लगाये गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से जवान सुरेश मिच्चा के बांये पैर के घुटने के नीचे चोंट आई है। घायल जवान की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। जवान को उपचार के लिए जिला अस्पताल बीजापुर लाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्र में सीआरपीएफ, डीआरजी और बस्तर फाइटर की टीम सर्चिंग अभियान चला रही है।