छत्तीसगढ़

अवैध धान भण्डारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई.... अलग-अलग स्थानों से 1940 बोरी धान जब्त

रायपुर। अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कार्रवाई करने प्रशासन सक्रिय है। अंबिकापुर कलेक्टर  कुंदन कुमार के निर्देशन में कोचियों-बिचौलियों पर लगातार नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अंबिकापुर जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी छापेमार कार्यवाही की, जिसमें अलग-अलग स्थानों से 1940 बोरी धान जब्त किया गया।

टीम ने सूचना प्राप्त होते ही तत्काल विकासखंड अंबिकापुर के महामाया ट्रेडिंग से 310 बोरी धान, जेके ट्रेडिंग से 400 बोरी धान, आदर्श ट्रेडिंग से 300 बोरी धान एवं कृष्णा ट्रेडिंग से 800 बोरी धान जब्त कर लिया। इसी प्रकार विकासखण्ड सीतापुर के ग्राम भवराडांड के अमित किराना दुकान से कुल 25 बोरी धान, ग्राम सहनपुर के राधा जनरल स्टोर से 35 बोरी धान, ग्राम मुरता के गुप्ता जनरल स्टोर से कुल 20 बोरी धान तथा ग्राम आमाटोली के गुप्ता स्टोर से कुल 50 बोरी धान जब्त कर लिया गया।

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा दुकान संचालकों से धान के सम्बंध में दस्तावेज की मांग किए जाने पर  किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही कर धान जब्त कर लिया गया।