हिट एंड रन केस में 73 वर्षीय बुजुर्ग गिरफ्तार... युवक को कार की चपेट में लेकर एक किमी घसीटा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गंडई में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने 73 वर्षीय बुजुर्ग को एक युवक की मौत के मामले में गिरफ्तार कर लिया। वाहन चालक बुजुर्ग को अपनी कार की चपेट में लिया और एक किमी तक उसे घसीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों अज्ञात वाहन ने झुरानदी में रहने वाले 35 वर्षीय दिनेश यादव को अपनी चपेट में लिया और करीब 1 किलोमीटर तक उसे घसीटा। इसके बाद कार चालक कार को लेकर कवर्धा की ओर भाग निकला था।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि दिनेश की मौत हो चुकी थी और उसकी लाश क्षत-विक्षत हालत में मिली थी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू की। गंडई थाने की पुलिस और सायबर सेल की एक टीम बनाई गई।
पुलिस ने 50 किलोमीटर के रेंज में सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज से पता चला कि किसी सफेद रंग की कार से ये एक्सीडेंट हुआ था। आखिरकार कार का नंबर सीजी 09 जेसी 4777 का भी पता चला। इसी के आधार पर पतासाजी कर आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी 73 वर्षीय सुरेश कोचर था। उसने घटना को कबूल कर लिया है। लिहाजा उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।