बस्तर में अनियंत्रित होकर बाइक पेड़ से जा टकराई... हादसे में तीन युवकों की मौके पर मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में हुए सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। तीनों दोस्त मेला देखकर घर लौट रहे थे, जब रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। मामला बस्तर जिले के बड़ांजी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली सूचना के अनुसार, बड़ांजी निवासी राजूराम नाग, गणेश नाग, और खीर सागर कश्यप गुरुवार रात पास के गांव में मेला देखने गए थे। वहां से लौटते समय, दाबपाल मोड़ के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अगले दिन शुक्रवार सुबह, जब लोगों ने तीन युवकों के शव देखे, तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
युवकों की पहचान के बाद, पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। उनके आगमन के बाद, लोहंडीगुड़ा अस्पताल में पंचनामा कार्रवाई करके शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद, बताया जा रहा है कि गांव में सभी के शवों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।