छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय स्तर पर मान्य होगी Dronacharya Integrated Skill Academy... मिलेगा कौशल उन्नयन प्रशिक्षण

रायपुर। स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भिलाई में युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि‍ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने कम्प्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन भी किया। विश्वविद्यालय सीएसवीटीयू कौशल उन्नयन की दिशा में अग्रणी पहल करते हुए DISA के अंतर्गत न केवल छात्रों को अपितु प्रशिक्षकों को भी प्रशिक्षण देने का कार्य करेगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत नेशनल कौंसिल फॉर वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (NCVET) नई दिल्ली के साथ हुए समझौते के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त कौशल प्रमाण पत्र राष्ट्रीय स्तर पर मान्य होंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खुशी की बात है कि इस विश्वविद्यालय का नाम स्वामी विवेकानंद जी के नाम से है। हमें उनके विचारों से निरंतर प्रेरणा लेनी चाहिए। जीवन में आगे बढ़ने के लिए आत्म विश्वास की आवश्यकता होती है। हमें स्वयं पर विश्वास करना चाहिए। उन्होनें स्वामी विवेकानंद जी द्वारा वेदांत के बारे में बताई गई बातों को सुनने और समझने का आग्रह किया।

शर्मा जी ने कहा कि 22 जनवरी को भगवान अपने घर आ रहे है। अपने घरों में दीपक जरूर जलाये। उन्होनें शिक्षित युवाओं को लोकतंत्र की ताकत समझने एवं उसमें सक्रिय भूमिका निभाने कहा। श्री शर्मा जी ने विश्वविद्यालय के स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लैब के साथ विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होनें विभिन्न तकनीकी कार्यों का लोकार्पण किया जिसमें विश्वविद्यालय द्वारा संचालित सीएसवीटीयू-फोर्ट, आरपीटीओ, न्यूकलियश टेक एवं सीएसवीटीयू-दिसा शामिल है।

विवि द्वारा तकनिकी विकास तथा उद्यम को प्रोत्साहित करने हेतु Foundation for Rural Technology and Entrepreneurship कार्यक्रम संचालित की जा रही है जो कि सेक्शन-8 के अंतर्गत एक गैर लाभकारी कंपनी है, जो कृषि आधारित ग्रामीण स्टार्टअप को अनुदान द्वारा प्रोत्साहित करती है। युवा दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वारा 8 स्टार्टअप्स को कुल 34 लाख रूपए का वित्त अनुदान सीड मनी के रूप में प्रदान किया गया। ज्ञात हो कि सीड मनी बिना किसी गारंटी के नॉन रिफंडेबल राशि के रूप में ग्रामीण अंचल के युवा स्टार्टअप फाउंडर को प्रदान किये जा रहे हैं।