आजाद भारत के इस गांव में पहली बार रखे पुलिस ने कदम... खोला पुलिस सहायता केंद्र
रायपुर। जी.. हां... यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है कि लेकिन 100 फीसदी सच है। भारत की आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ कि पुलिस ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के गर्देवाड़ा में कदम रखे हो। यह इलाका बस्तर की सीमा से लगा है। धूर नक्सल प्रभावित इस इलाके में आज तक पुलिस की पहुंच नहीं थी। यह अब एक चौकी यानी पुलिस सहायता केंद्र खुल गया है। यह इलाका अबूझमाड़ से मजह 5 किमी दूर है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस चौकी की स्थापना के लिए 600 से अधिक कमांडो गांव गए थे। इस दुर्गम इलाके में जाकर पुलिस चौकी स्थापित करना इतना कठिन काम था कि इन कमांडोज को 60 किलोमीटर तक पैदल चलकर गर्देवाडा पहुंचना पड़ा। यही नहीं वहां पहुंचकर करीब 1500 लोगों को काम पर लगाया गया और तेजी से काम करते हुए एक ही दिन में पक्की चौकी बना दी गई। इस परिसर में पुलिसकर्मियों के रहने के लिए भी पर्याप्त सुविधा होगी और वहां मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
बतादें कि गर्देवाड़ा वर्ष 2019 में उस वक्त चर्चा में आया था, जब लोकसभा चुनाव के दौरान नक्सलियों ने एक पोलिंग कैंप में अफरातफरी मचा दी थी। यहां नक्सलियों ने तीन ब्लास्ट किए थे। यहां पर एक बड़ा नाला भी बहता है, जिसमें बरसात के दौरान काफी पानी रहता है। इसके चलते यह इलाका साल में कई महीनों तक शेष हिस्से से कटा हुआ रहता है। पुलिस चौकी की स्थापना के बाद पुल भी बनाया जाएगा।