राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत हुईं रीना बाबासाहेब कंगाले... दंतेवाड़ा कलेक्टर भी हुए पुरस्कृत
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में चुनावों के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान किए। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले को चुनाव के दौरान अच्छा काम करने के लिए बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं चुनाव के दौरान बेस्ट इलेक्शन मैनेजमेंट के लिए तत्कालीन दंतेवाड़ा कलेक्टर विनीत नंदनवार को भी राष्ट्रपति के हाथों अवॉर्ड मिला।
राष्ट्रपति ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, हमारे लोकतंत्र की विशालता और विविधता हमारे लिए गर्व की बात है और इसकी गौरवशाली यात्रा में चुनाव आयोग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अब तक चुनाव आयोग द्वारा 17 आम चुनाव और 400 से अधिक विधानसभा चुनाव कराए जा चुके हैं। उन्होंने निष्पक्ष और समावेशी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग की वर्तमान और पिछली टीमों की सराहना की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि देश की चुनाव प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर आधुनिक तकनीक का सफ ल उपयोग दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देशों के लिए एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देश के सभी हिस्सों में रहने वाले मतदाताओं के लिए व्यवस्था करना आसान नहीं है।
तमाम तरह की चुनौतियों के बावजूद चुनाव आयोग की टीम इस कठिन काम को अंजाम देती है। उन्होंने कहा, यह हमारे लोकतंत्र की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उन लोगों के लिए घर पर मतदान की सुविधा प्रदान करने के लिए चुनाव आयोग की सराहना की जो मतदान केंद्रों पर नहीं जा सकते।