छत्तीसगढ़

बिहार के सियासी हलचल में अब छत्तीसगढ़ की एंट्री.... पूर्व मुख्यमंत्री बघेल को मिली यह जिम्मेदारी

रायपुर। बिहार में चल रही सियासी हलचल के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बिहार की सियासी गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भूपेश बघेल को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने तत्काल प्रभाव से बिहार में भारत जोड़ो न्याय यात्रा और अन्य पार्टी गतिविधियों के लिए सीनियर कोऑर्डिनेटर बनाया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए समन्वयकों की नियुक्ति की है। यह नियुक्ति उन राज्यों के लिए की गई है, जहां से राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुजरेगी। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में धीरज गुर्जर और उषा नायडू को कोआर्डिनेटर नियुक्त किया है जो छत्तीसगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी से समन्वय करेंगे।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को नई दिल्ली आ गए हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर गई है और यहां प्रवेश करने के बाद दो दिन का ब्रेक लिया है। यात्रा इस महीने के अंत में बिहार में प्रवेश करेगी। यह यात्रा 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।