बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में होली से पहले ही पुलिस की सख्ती शुरु हो गई है। पारंपरिक त्योहार में हुड़दंग मचाने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वालों की एक लिस्ट पुलिस ने बनाई थी, जिस पर कार्रवाई जारी है। बिलासपुर पुलिस ने अब तक 208 बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
देशभर में इस बार 7 मार्च को होलिका दहन होगा और 8 मार्च को होली खेली जाएगी। होली पर्व को नजदीक देख पुलिस भी सतर्क हो गई है और शहर के साथ ही जिले में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस जुट गई है। इसके साथ ही अपराध पर नकेल कसने और अपराधियों पर कानून का डर बैठाने के लिए एसपी संतोष कुमार ने त्योहार से पहले बदमाशों की धरपकड़ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
एसपी संतोष सिंह के निर्देश पर पिछले तीन दिन तक विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान लंबे समय से फरार वारंटियों के साथ ही जिले भर के निगरानी, गुंडा बदमाश समेत 208 आरोपियों की गिरफ्तारियां की गई है। इसमें 185 गुंडे-बदमाशों के घर भी पुलिस ने दबिश दी।
इस कार्रवाई के दौरान कई फरार अपराधी भी गिरफ्तार किए गए हैं। एएसपी राजेन्द्र कुमार जायसवाल ने बताया कि इस कार्रवाई में 133 गिरफ्तारी और 75 स्थाई वारंटी पकड़े गए हैं, जो कई साल से फरार थे। फरार आरोपियों में छेड़खानी, दुष्कर्म, मारपीट, चाकूबाजी, चेक बाउंस जैसे केस के अपराधी शामिल हैं।