छत्तीसगढ़

सिकलसेल मुक्त जिला बनेगा जशपुर.... मुख्यमंत्री ने मांदर की थाप में किया कर्मा नृत्य

रायपुर। मांदर की थाप, आकर्षक वेशभूषा और आदिवासी लोक नृर्तकों की लयबद्धता भला किसको आकर्षित नहीं करेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी अपने आप को नहीं रोक सके और अपने गृहग्राम बगिया में कर्मा दलों के आग्रह पर सपत्निक शामिल होकर नृत्य किया। एक मंझे लोक कलाकार की तरह नृत्य करते हुए मुख्यमंत्री साय को देखकर जनमानस को सुखद अनुभूति हो रही थी कि उनमें आदिवासी संस्कृति के प्रति वहीं आदर भाव और सम्मान है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जशपुर सिकलसेल मुक्त जिला बनेगा। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को इस रोग से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गौरतलब है कि जशपुर जिले में इस रोग के रोकथाम के लिए शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग की जा रही है। 
 
जशपुर अंचल सहित पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में कर्मा नृत्य सुप्रसिद्ध है। यह आदिवासी समाज का प्रमुख नृत्य है। भादो मास की एकादशी को उपवास के पश्चात् करमवृक्ष की शाखा को घर के आंगन या चौगान में रोपित किया जाता है। दूसरे दिन कुल देवता को नवान्न समर्पित करने के बाद ही उसका उपभोग शुरू होता है। कर्मा नृत्य नई फ़सल आने की खुशी में किया जाता है।

जिला प्रशासन की पहल पर इस रोग से पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए है। मरीजों की भर्ती उपचार व्यवस्था के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर रक्त की भी व्यवस्था जिला अस्पताल में की गई है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।  इस मौके पर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में सिकलसेल के इलाज के लिए की जा रही व्यवस्था के संबंध में पॉवर पांइट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिले में सिकलसेल के वालेन्टियर सिकलसेल के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे है।