छत्तीसगढ़

जगदलपुर वालों के लिए दिल्ली पहुंचना होगा आसान.... जल्द शुरू होगी फ्लाइट

रायपुर। बस्तर वालों के लिए यह अच्छी खबर है। यहां के रहवासियों के लिए अब दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। इस रूट पर फ्लाइट शुरू करने के लिए डीजीसीए की अनुमति मिल गई है। अब बहुत जल्द शुक्रवार और सोमवार को सप्ताह में दो दिन जदलपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट मिल जाएगी। यह फ्लाइट जबलपुर होते हुए दिल्ली जाएगी।

बतादें कि यह फ्लाइट शुक्रवार और सोमवार को 2 दिन जगदलपुर से उड़ान भरेगी, फिर जबलपुर होते हुए दिल्ली जाएगी। वापसी में इसी मार्ग से लौटेगी। बस्तर के लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। बताया जा रहा है कि इस रूट पर इंडिगो सेवाएं देगी। फिलहाल डेट और टाइमिंग पर मंथन चल रहा है।

बस्तर को सीधे हवाई मार्ग से दिल्ली से जोड़ने के लिए बस्तर के लोग पिछले कई सालों से फ्लाइट की मांग कर रहे थे। इसके लिए प्रशासन ने प्रस्ताव भी भेजा था, जिसे DGCA की मंजूरी मिल गई है। दरअसल, बस्तर पर्यटन का हब है। यहां की खूबसूरत वादियों, झरने, मंदिर और ऐतिहासिक स्थलों की सैर करने हर साल लाखों लोग आते हैं। ऐसे में शुक्रवार को फ्लाइट चलने से वीकेंड की छुट्टियां लोग बस्तर में घूमकर पूरी कर सकते हैं।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने बताया कि फ्लाइट शुरू करने की सारी औपचारिकता पूरी कर ली गई है। सिर्फ टाइमिंग और डेट तय होना बाकी है। फिर भी मार्च के लास्ट वीक या फिर अप्रैल तक फ्लाइट शुरू होने की संभावना है। दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होती है, तो इससे यहां के लोगों को व्यापार, हेल्थ और एजुकेशन के लिए फायदा मिलेगा। फिलहाल दिल्ली के लिए बस्तर के लोग पहले राजधानी रायपुर जाते हैं और वहां से फिर फ्लाइट से दिल्ली जाते हैं या फिर रायपुर से ट्रेन का सफर करना पड़ता है।