नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की हत्या, प्रदेश सरकार को बताया मौत का जिम्मेदार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर उत्पात मचाया। नक्सलियों ने दो ग्रामीणों को पुलिस का मुखबिर बताकर हत्या कर दी। वहीं इसका जिम्मेदार प्रदेश की भाजपा सरकार को बताया है।
सूत्रों के अनुसार इस वारदात को नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी ने अंजाम दिया है। दोनों ग्रामीण सुकमा जिले के ग्राम कायर दुल्लेड़ के रहने वाले थे। उनका नाम सोड़ी हूंगा और माड़वी नंदा था, जिन्हें नक्सलियों ने उनके घर से रात में उठा लिया था।
अगले दिन शुक्रवार की सुबह गांव के पास दोनों की हत्या कर लाश फेंक दी गई थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।