बीजापुर में नक्सली मुठभेड़.... जवानों ने चार नक्सलियों को मार गिराया.... सर्चिंग जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला बीजापुर से नक्सली मुठभेड़ की खबर आ रही है। जिले के जांगला थाना क्षेत्र के बड़ेतुंगाली और पोटेनार के बीच नक्सलियों और डीआरजी के जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई है। घटना मंगलवार, 27 फरवरी सुबह की बताई जा रही है। मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए वहीं मौके पर जवानों की सर्चिंग जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी की रात डीआरजी की टीम बड़ेतुंगाली और पोटेनार के बीच सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। 27 फरवरी की सुबह जांगला थाना से क़रीब 12 किलोमीटर दूर बड़े तुंगाली और पोटेनार के बीच डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ को लेकर ख़बरें हैं कि सर्चिंग के दौरान चार नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं।
बीजापुर पुलिस के अनुसार नक्सलियों के साथ दो बार मुठभेड़ हुई है, नक्सलियों को मार गिराने को लेकर पुलिस ने कुछ स्पष्ट नहीं किया न ही खंडन किया।