छत्तीसगढ़

कंगाले बोली-प्रदेशस्तरीय आयोजन में होगा नववधुओं का सम्मान... मतदान में युवाओं की भूमिका होगी अहम

रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के महापर्व में मतदाताओं की भूमिका अहम है। इस महापर्व में प्रत्येक मतदाता के मत की अपने क्षेत्र और देश के भविष्य का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केन्द्र तक पहुंचे, यह निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम मतदाताओं को मताधिकार के लिए प्रेरित करने  का एक बहुत महत्वपूर्ण माध्यम है। कंगाले आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय स्वीप कोर कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं।

कंगाले ने कहा कि  आगामी एक माह में राज्य स्तर पर विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।  उन्होंने कहा कि स्वीप कार्यक्रम के तहत आगामी 17 मार्च को नववधु सम्मान समारोह का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा। इसमें नवविवाहित वधुओं को सम्मानित किया जाएगा । कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम विशेष तौर पर आयोजित किए जाएं। उन्होंने इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा एनएसएस, एनसीसी और स्कॉउट गाइड के युवाओं के माध्यम से युवा मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने में युवाओं की बड़ी भूमिका होगी। युवा मतदाता न केवल स्वयं मतदान के लिए आगे आएं बल्कि अन्य मतदाताओं को भी मतदान केन्द्र तक आकर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम में 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को शामिल नहीं किया जाए।