उमा ने बनाई दुनिया की सबसे छोटी रंगोली... वर्ल्ड रिकार्ड बना बढ़ाया प्रदेश का मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के एक निजी स्कूल की शिक्षिका और महाराष्ट्र मंडळ की आजीवन सभासद उमा धोटे ने अपने नाम एक और रिकार्ड दर्ज करा लिया। कई अवार्ड से सम्मानित हो चुकी उमा ने इस बार दुनिया की सबसे छोटी रंगोली बनाई। उन्होंने 1.5 वर्ग सेंटीमीटर साइज में अद्भुत रंगोली बनाई है। बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड यूएसए ने उमा को इस प्रयास के लिए वर्ल्ड रिकार्ड सर्टिफिकेट प्रदान किया।
उमा ने बताया कि उन्होंने 1.5 वर्ग सेंटीमीटर में भोलेनाथ की रंगोली बनाई। जिसका लाइव वीडियो बनाकर बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड यूएसए को भेजा गया था। जिसके बाद उन्हें सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। यह खिताब यूएसए, यूके, कनाड़ा और इंडिया के प्रतिभागियों के बीच हासिल किया है। बता दें उमा धोटे ने 1.5 वर्ग सेंटीमीटर की साइज में रंगोली बनाई थी। यह दुनिया में अब तक की सबसे छोटी साइज में बनी रंगोली है।
शिक्षिका उमा धोटे शिक्षण कार्यों के साथ ही सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती हैं। वह नवाचारों के लिए भी काफी चर्चित है और कौशल के क्षेत्र में आये दिन नव प्रयोग करती रहती हैं। वे वर्ष 1991 से सामाजिक कार्यों में जुट गई थी। वे अनपढ़ महिलाओं को पढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि एक बार मेरे पड़ोस में काम करने वाले एक महिला को उसके पैसे यह बोलकर दिए गए कि पैसे पूरे है। लेकिन ऐसा था नहीं, क्योंकि महिला को पढ़ना नहीं आता था। जबकि उस महिला को कम पैसे दिए गए थे। ऐसा वाक्या आंखों के सामने होता देख अनपढ़ महिलाओं को पढ़ाने की इच्छा जागृत हुई।
उमा घोटे को अब तक कई संस्थाओं और संगठनों द्वारा कई अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उमा के कार्यों की जानकारी मिलने पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने भी उनकी तारीफ की थी।