6 साल की मासूम को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत, ग्रामीण ने किया चक्काजाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला में सड़क पार कर रही एक 6 साल की मासूम बच्ची को पिकअप चालक ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद नाराज परिजन और स्थानीय ग्रामीण बच्ची की लाश के साथ सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाईश और 25 हजार रूपये मुआवजा के बाद ग्रामीणों को सड़क से हटाया गया।
सड़क दुर्घटना का यह मामला कटघोरा थानांतर्गत ग्राम बिंझरा का है। बिंझरा में अशोक कुमार मिर्रे का परिवार निवास करता है। आज दोपहर उसकी 6 साल की बेटी मोनिका घर के पास ही सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मासूम बच्ची को चपेट में लेकर कुचल दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक ने जटगा पुलिस चौकी पहुंच खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उधर बच्ची की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण शव के साथ बीच सड़क पर ही चक्काजाम कर बैठ गए। ग्रामीणों के चक्काजाम से कटघोरा से पेंड्रा रोड मुख्य मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा समझाईश देकर पीड़ित परिवार को 25 हजार मुआवजा दिया गया। काफी समझाईश के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद अवरूद्ध मार्ग बहाल हो सका।