छत्तीसगढ़

बीजापुर के पुरंगेल जंगल में नक्सली मुठभेड़... एक महिला सहित दो नक्सली का शव बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती बीजापुर जिले के पुरंगेल के जंगल में नक्सलियों और जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक पुरुष और एक महिला नक्सली को मार गिराने में पुलिस को सफलता मिली। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार, 18 मार्च को दंतेवाड़ा एवं बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में थाना किरंदुल क्षेत्रान्तर्गत पुरंगेल गमपुर के जंगल में सशस्त्र नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना जवानों को मिली। सूचना पर डीआरजी (DRG),  बस्तर फाइटर्स (BFR) दंतेवाड़ा, तथा सीआरपीएफ (CRPF) 111, 230, 231 बटालियन की यंग प्लाटून की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। पुलिस के मुताबिक नक्सल गश्त सर्च अभियान के दौरान पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक पुरुष और एक महिला नक्सली मारी गई।

बताया गया कि क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी है। मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि और भी मारे गए हैं, जिनका शव नक्सली साथ ले गए। सर्च के दौरान पुलिस ने दो नग हथियार एवं भारी मात्रा में गोला बारूद एवं दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की है। खून के निशान भी मिले है। इससे नक्सलियों के घायल होने भी आशंका जताई जा रही है।