नक्सलियों ने अब नारायणपुर में मचाया उत्पात... आयरन ओर सप्लाई कर रहे 4 ट्रकों को फूंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर जमकर उत्पात मचाया। अपनी कायराना करतूत को अंजाम देते हुए नक्सलियों ने आयरन ओर सप्लाई करने वाले 4 ट्रकों को आग के हवाले कर दिया है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नक्सली वारदात का यहपूरा मामला छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र का है। बता दें कि नारायणपुर-ओरछा मार्ग पर छोटेडोंगर के बीच बस्ती में स्कूल के पास इस घटना को अंजाम दिया। यह ट्रक अमदई लौह अयस्क परिवहन में लगे हुए थे। नक्सलियों ने बंदूक की नोक पर इन वाहनों को रोका और फिर ड्राइवर व हेल्पर को नीचे उतारकर ट्रकों को आग के हवाले कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली ट्रकों के ड्राइवर व हेल्पर को अपने साथ ले गए हैं। नारायणपुर एएसपी रॉबिंशन गुरिया ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।