रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बार्डर में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। सोमवार रात हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सली को मार गिराया। मारी गई एक महिला नक्सली पर 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था, वहीं दूसरे नक्सली पर 14 लाख रुपये का इनाम रखा गया था। जवानों ने मौके से एक-47 और 12 बोर की बंदूक भी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बल के जवान अपनी रूटीन सर्चिंग पर निकले थे। तभी सोमवार रात बालाघाट के पितकोना के केरझरी के जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। अंधेरे के चलते मंगलवार सुबह सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान जवानों ने दो नक्सलियों का शव बरामद किया है। मृत नक्सली की पहचान महिला नक्सली एरिया कमांडर सजंती उर्फ़ क्रांति DVCM और दूसरे की पहचान रघु उर्फ़ शेरसिंह ACM के रूप में हुई है। नक्सली सजंती उर्फ़ क्रांति DVCM पर 29 लाख रुपये का इनाम था। जबकि रघु उर्फ़ शेरसिंह ACM पर 14 लाख का इनाम था।