Chhattisgarh Legislative Assembly: सदन में उठा नल जल योजना के तहत पानी टंकी निर्माण का मुद्दा, मंत्री ने दिया जवाब
2023-03-02 01:47 PM
299
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को प्रथम सत्र में प्रश्नकाल हुआ। जिसमें सिहावा विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने नल-जल योजना के तहत पानी टंकी निर्माण का मामला उठाया। लक्ष्मी ध्रुव ने सवाल करते हुए पीएचई मंत्री रूद्र गुरू से पूछा कि जितनी भी टंकी और पाइप लाइन के काम में सड़कों की खोदाई हुई है, वहां गड्ढों को सही तरीके से नहीं भरा गया है, जिससे हादसे हो रहे हैं। कई गांवों में सूखे की स्थिति है, वहां नलों से पानी की मांग लक्ष्मी ध्रुव ने की।

मंत्री गुरू रुद्र कुमार ने सदन से ही अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिये, वहीं गांवों में पानी पहुंचाने का आश्वासन भी दिया। विपक्ष के विधायक अजय चंद्राकर ने गांवों में पानी सप्लाई के भौतिक सत्यापन करने की मांग रखी, मंत्री ने सदन में भौतिक सत्यापन कराने की मौखिक स्वीकृति दी।

प्रश्नकाल के दौरान सदन में प्रदेश में तेंदूपत्ता खरीदी का मामला उठा। बीजेपी विधायक सौरभ सिंह ने वन मंत्री मोहम्मद अकबर से सवाल पूछा- पिछले 3 वित्तीय वर्ष और वर्तमान वितीय वर्ष में 6 फरवरी 2023 तक प्रदेश में कुल कितनी तेंदुपत्ता की खरीदी हुई? प्रतिवर्ष उन पत्तो का कितना भुगतान किया गया है? पत्तों की नीलामी के बाद छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ को कितना राजस्व का लाभ व कितना नुकसान हुआ है?
जवाब में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने लिखित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019-20 में 602.24 करोड़, वर्ष 2020-21 में 389.15 करोड़, वर्ष 2021-22 में 522.20 करोड़ और वर्ष 2022-23 में 631.76 करोड़ की खरीदी हुई।