प्रश्नपत्र के बाद अब कृषि विवि की उत्तर पुस्तिका हुई वायरल... पढ़कर मजे ले रहे छात्र
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में इन दिनों प्रश्नपत्र के साथ उत्तर पुस्तिकाएं भी वायरल हो रही है। बच्चों को प्रश्नपत्र एक रात पहले ही मिल जाता है। वायरल हो रही कृषि विवि की उत्तर पुस्तिका को पढ़कर छात्र खूब मजे ले रहे हैं।
विवि ने सेमेस्टर परीक्षाओं के अंतर्गत छात्रों से सवाल पूछे। इसमें एक प्रश्न के जवाब में छात्र ने लिखा- बिल्लो बागगे बिलियां दा की करेगी… । छात्र ने अपनी उत्तर पुस्तिका में पूरा पंजाबी गाना ही लिख दिया। बता दें कि छात्र ने गाने के लिरिक्स अंग्रेजी के अल्फाबेट्स में लिखे हैं। अब ये उत्तर पुस्तिका व्हॉट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक पर वायरल हो रही है। आपको बता दें कि इससे पहले विवि द्वारा आयोजित सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र परीक्षाओं से कुछ दिनों पूर्व ही व्हॉट्सएप ग्रुप पर वायरल हो रहे थे। जिसके बाद छात्रों ने इसकी शिकायत की। विवि प्रबंधन ने इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रश्नपत्र के बाद अब उत्तर पुस्तिका के वायरल होने से कृषि विवि प्रबंधन की गोपनीयता व पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस बात की जानकारी अभी तक नहीं हुई है कि वायरल उत्तर पुस्तिका किसी सत्र और किस कक्षा की है।