छत्तीसगढ़

फार्मेसी डिप्लोमा/डिग्री का फर्जीवाड़ा: प्रकरण में लिप्त 14 आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

रायपुर। फार्मेसी का फर्जी डिप्लोमा और डिग्री प्राप्त करने वालों के विरूद्ध रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की। छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल रायपुर की जांच में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।  जांच के बाद मामले में कुल 28 आरोपी बनाए गए। जिनमें से 9 आरोपी को पहले ही गिरप्तार किया जा चुका है। अभी पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के डा. श्रीकांत राजिमवाले ने तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई थी कि फार्मेसी डिप्लोमा और डिग्री प्राप्त करने वाले कार्यालय छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउसिंल रायपुर आनंद नगर में पंजीयन के लिए आवेदन दिया। जिस पर उनका पंजीयन किया गया। उसके बाद मेडिकल स्टोर्स संचालित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से ड्रग लायसेंस दिया गया।

सन् 2021-2022 में फार्मसी डिप्लोमा/ डिग्री को पंजीयन के लिए कार्यालय में आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए थे। आवेदन पत्रो की जांच में पाया गया कि सनराईस युनिवर्सिटी बैगाड राजपुर राजस्थान से रमाकांत निषाद, शीतल कुमार महार, संजय कुशवाहा, सूरज कुमार अग्रवाल, ओपी जे.एस युनिवर्सिटी चुरू राजस्थान से चन्द्रेश कुमार साहू, डामेश्वर कुमार साहू, श्रीधर युनिवर्सिटी पिलानी राजस्थान से रविन्द्र कुमार साहू, स्वामी विवेकानंद युनिवर्सिटी सागर म.प्र. से खेम लाल धीवर के फार्मेसी डिप्लोमा छत्तीसगढ स्टेट फार्मेसी काउंसिल रायपुर के समक्ष आवेदन पत्र के साथ प्रस्तुत प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए।
 

उत्तर प्रदेश फार्मेसी कांउसिल लखनउ से रविन्द्र कुमार द्वारा फर्जी काउंसिल में पंजीयन की प्रमाण पत्र के साथ एनओसी प्रमाण पत्र हेतु प्रस्तुत करना पाया गया।  इसके साथ ही राजस्थान फार्मेसी काउंसिल जयपुर, सत्य साई युनिवर्सिटी सिहोर मध्य प्रदेश, मोनाद युनिवर्सिटी हापुर उ.प्र., जे.एस.युनिवर्सिटी शिकोटाबाद फिरोजाबाद उ.प्र. के नाम से फर्जी प्रमाण पत्र जारी कराया गया है। इसी प्रकार अन्य आरोपियों द्वारा भी फर्जी प्रमाण पत्र को छत्तीसगढ स्टेट फार्मेसी काउंसिल रायपुर के समक्ष छल व बेईमानी पूर्वक अपने फायदे के लिए षडयंत्र पूर्वक आवेदन पत्र के साथ प्रस्तुत करना पाया गया।

पूर्व में प्रकरण में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी दस्तावेज जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों की पतासाजी करते हुए टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में अन्य 5 आरोपी तुला राम साहू, रविन्द्र कुमार साहू , रजनी यादव, अनुदिव्या ताड़िया एवं राधिका साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फर्जी दस्तावेज जप्त कर कार्यवाही किया गया है। प्रकरण में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।