छत्तीसगढ़

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट.. देश में लंबे समय तक रहेगा हीट वेव... पीएम मोदी ने बुलाई बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों जरूर बदलो हो, लेकिन भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए अलर्ट के अनुसार देश में अब तक की सबसे लंबी हीट वेव आने वाली है। यानी नौतपा इस गर्मी में कुछ ज्यादा दिनों के लिए होगा। बतादें कि अभी देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। गर्मी के महीनों में मौसम की स्थिति खराब होने के पूर्वानुमान के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को लू से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की व केंद्र, राज्य तथा जिला स्तर पर सरकारों के सभी अंगों से तालमेल के साथ काम करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, गृह सचिव, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।  भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हाल ही में कहा था कि अप्रैल से जून की अवधि के दौरान भारत में अत्यधिक गर्मी की संभावना है। मध्य और पश्चिमी प्रायद्वीपीय हिस्सों में इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना है।

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस साल अब तक शहर का सबसे अधिक तापमान है। आईएमडी के आंकड़ों से पता चलता है कि दूसरा सर्वाधिक अधिकतम तापमान नौ मार्च को 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।  आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम था।

आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘‘चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक तीव्र  मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ पवन के रूप में पश्चिम ईरान पर स्थित है और मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ पवनों में एक और चक्रवाती परिसंचरण के रूप में 72 अंश पूर्व देशांतर के साथ 32 अंश उत्तरी अक्षांश तक फैला है. 13-15 अप्रैल के दौरान अरब सागर से उत्तर पश्चिम भारत में उच्च नमी आने की संभावना है।