तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आई बोलेरों, आधा दर्जन यात्री घायल, ट्रेलर चालक मौके से फरार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एनएच 49 में तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में बोलेरो सवार आधा दर्जन से भी अधिक यात्री घायल हो गए। घटना के बाद से ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया है। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोतल्दा रॉक गार्डन के पास खरसिया से सक्ती की तरफ जा रहे एक ट्रेलर के चालक ने बोलेरो को अपनी चपेट में ले लिया। यह दुर्घटना इतनी भयंकर थी बोलेरो वाहन के जहां परखच्चे उड़ गए और मौके पर घायलों की चीख पुकार मच गई। घटना में बोलेरो में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी।
बोलेरो सवार बिलासपुर जिले के लुथरा शरीफ गए हुए थे वहां से वापसी के दौरान बोतल्दा के पास यह घटना घटित हुई है। आसपास के लोगों ने इस घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 में दी जिसके बाद खरसिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान तीन लोग वाहन में फंसे रहे जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। इस घटना में बोलेरों में सवार आधे दर्जन से भी अधिक लोग घायल हुए हैं जिन्हें खरसिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोतल्दा के पास यह घटना घटित हुई है जिसमें बोलेरों में सवार 9 लोगों को कलावती गुप्ता, 42 साल, गुरूबारी गुप्ता, 50 साल, जमुना गुप्ता, 48 साल, जोगी गुप्ता, 55 साल, गनेश गुप्ता, 62 साल, ललिता गुप्ता, 50 साल, अनुछाया, 40 साल, जानक बारीक, 60 साल के साथ-साथ सुरतलाल 38 साल को चोटें आई है। घटना के बाद से आरोपी चालक फरार हो गया है। वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी में जुट गई है।