छत्तीसगढ़

सड़क पर टहलता नजर आया टाइगर... कैमरे में हुआ कैद... विभाग ने जारी किया अलर्ट

सूरजपुर। टाइगर... जिसका नाम सुनते ही पूरे शरीर में सिहरन दौड़ने लग जाती है, वही सामने आ जाए, आपका सामना हो जाए.. तो पता नहीं कि इंसान पर क्या बीते..? पर इन दिनों छत्तीसगढ़ के सरहद जिले सूरजपुर में एक टाइगर कभी गांव में तो कभी सड़कों पर चहल कदमी कर रहा है। एक बाघ को प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती जंगल मोरन के पास की सड़क पर घुमते हुए देखा गया है। 

सामने आ रही जानकारी के मुताबिक बाघ के दस्तक से वन अमला अलर्ट पर है। वहीं बीते दो दिनों से बलरामपुर—सूरजपुर के सीमावर्ती जंगल में एक बाघ घूमते देखा गया है। इसी बीच प्रतापपुर जंगल के करीब बनारस रोड पर टहल रहे बाघ को स्थानीय राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मामले को लेकर जिले के डीएफओ संजय यादव ने वन अमले को अलर्ट रहने और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं।

डीएफओ यादव ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से वाड्रफनगर और प्रतापपुर क्षेत्र में बाघ के पैरों के निशान नजर आए हैं। बताया जा रहा है कि टाइगर के होने के दूसरे संकेत भी मिल रहे हैं। इससे उसके होने बारे में पता चल रहा है। डीएफओ यादव का कहना है कि टाइगर अपनी भूख मिटाने के लिए जंगल से बाहर खाना ढूंढ़ने आते हैं। लिहाजा जरुरी हो जाता है कि लोग सतर्कता बरतें, ताकि वे टाइगर का ग्रास बनने से बच सकें।