गौवंशों की सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने विष्णुदेव सरकार लाएगी गौवंश अभ्यारण्य योजना
रायपुर। प्रदेश की सड़कों पर खुले में घूमने वाले गौवंशों की सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए छ्त्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार प्रदेश में गौवंश अभ्यारण्य योजना लाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
पशुधन विकास विभाग, पंचायत, राजस्व एवं वन विभाग के समन्वय से गौवंश अभ्यारण्य संचालित करने की योजना है। इस योजना के क्रियान्वयन से सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकने वाले गौवंश को न केवल नियमित आहार मिलेगा वरन् उनकी उचित देखभाल भी होगी।
बतादें कि सड़कों पर घूम रहे स्वामी विहीन पशुधन न केवल यातायात के लिए बाधा बन रहे हैं बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। भूख से बेहाल पशुधन द्वारा कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक खाने से उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गौवंश अभ्यारण्य योजना इसे रोकने की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है, कि ठोस कार्ययोजना के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त, सेवा, सुरक्षा और संवर्धन का ध्येय वाक्य ले कर प्रदेश में स्वामी विहीन पशुधन के लिए गौवंश अभ्यारण्य की रूप रेखा बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।