पहले कहा नमस्ते, फिर मिर्च पाउडर छिड़कर लूट की कोशिश, इधर रिटायर्ड शिक्षक के घर 17.50 लाख की चोरी
2023-03-15 10:29 AM
180
रायपुर। परीक्षा की ड्यूटी से लौटे एक शिक्षक घर पर आराम कर रहे थे। तभी कुछ बदमाश उनके घर पहुंचे और उन्हें नमस्ते कहा। इससे पहले की शिक्षक कुछ समझ पाते बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्च का पाउडर छिड़कर दिया। शिक्षक के शोर मचाने के बाद बदमाश भाग खड़े हुए। बदमाशों का घर से भागते हुए फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। वहीं एक अन्य मामले में रिटायर शिक्षक के घर 17.50 लाख रुपये नकद और 100 ग्राम सोने के बिस्कुट की दिनदहाड़े चोरी हो गई। पुलिस ने दोनों मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पहला मामला बलौदाबाजार जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। नगर के पालिका भवन के पीछे वार्ड-7 में रहने वाले शिक्षक पुनऊदास 14 मार्च को परीक्षा ड्य़ूटी कर घर लौटे और आराम करने लगे। इस दौरान दोपहर 2.30 बजे कुछ बदमाश उनके घर पहुंचे। पहले बदमाशों ने शिक्षक को नमस्ते कहा फिर इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर छिड़क दिया। बदमाशों ने उनके घर के भीतर घुसने की कोशिश की। शिक्षक ने लोगों को मदद के लिए आवाज लगाई। जिसके बाद बदमाश भाग खड़े हुए। बदमाशों का फूटेज पुलिस के हाथ लग गया है। पुलिस आरोपितोंय की तलाश कर रही है।
वहीं दूसरी घटना मुंगेली जिले में घटित हुई। मुंगेली थाना से महज 200 मीटर दूर रिटायर्ड शिक्षक असगर अली का घर है। वह घर पर अकेले रहते है। 14 मार्च की सुबह घर पर ताला लगाकर किसी काम से बिलासपुर गए थे। शाम को चार बजे घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा है। भीतर जाकर देखा तो आलमारी का ताला भी टूटा था। आलमारी में रखे 17.50 लाख रुपये नकद और 100 ग्राम सोने के बिस्कुट की चोरी हो गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।