छत्तीसगढ़

सड़क में फैला था ग्रीस, बाइक सवार दंपती फिसलकर गिरी, पीछे आ रही कार ने लिया चपेट में

रायपुर। बलौदाबाजार जिले में गुरुवार रात सड़क हादसे में नगर के एक व्यापारी की मौत हो गई। घटना पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी में माउंट लिट्रा स्कूल के पास की बताई जा रही है। बाइक सवार के अनियंत्रित होकर गिरने के बाद पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे मे नगर के युवा व्यापारी की मौत हो गई। वहीं उसके पीछे बैठी उसकी पत्नी घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार निवासी कमल कसेर (40) अपनी पत्नी के साथ बाइस से रायपुर से बलौदाबाजार लौट रहा था। पलारी के समीप ग्राम बिनौरी स्थित माउंट लिट्रा स्कूल के पास सड़क पर ग्रीस फैला था। जिसके चलते बाइक सवार दंपती फिसलकर सड़क पर गिर गए। दोनों के सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

कार की चपेट में आने के कारण व्यापारी कमल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार अनियंत्रित होकर खेत  में जा पलटी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं व्यापारी की पत्नी को गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला का पलारी के स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। पलारी पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।