छत्तीसगढ़

प्रति किलो शक्कर में 3 रुपए का बट्टा... SDM ने सरकारी राशन दुकान संचालक को थमाया निलंबन आदेश... दुकान भी सील

बेमेतरा। शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान में हितग्राहियों को 17 रुपए प्रति किलो की दर से शक्कर देने का आदेश है, लेकिन बेमेतरा जिले के ग्राम ढारा में किलो के पीछे 3 रुपए का बट्टा मारा जा रहा था। यानी हितग्राहियों से 17 रुपए की जगह 20 रुपए वसूल किया जा रहा था, इस बात की शिकायत पर SDM सुरूचि सिंह ने तत्काल एक्शन लेते हुए दुकान संचालक को निलंबित कर दिया है और आगामी आदेश के लिए दुकान को सील करने का निर्देश दिया गया है। 

मिल रही जानकारी के मुताबिक SDM सुरूचि सिंह के पास कुछ शिकायतें शासकीय उचित मूल्य की दुकान को लेकर आया था। जिस पर उन्होंने ग्राम ढारा का आकस्मिक निरीक्षण किया, तो राशन दुकान बंद मिला। SDM के निर्देश पर दुकान खुलवाया गया, जांच के दौरान स्टॉक पंजी देखने पर संधारण नहीं किया जाना पाया गया। वितरण केन्द्र पूरी तरह अव्यवस्थित पाया गया। वहीं हितग्राहियों से जानकारी मिली कि उन्हें एक किलो शक्कर के बदले 20 रुपए देना पड़ रहा है।
 
 

राशन दुकान के संचालन का जिम्मा राधाकृष्ण महिला स्व-सहायता समूह को दिया गया है, लेकिन उसका संचालन सनत कुमार साहू करता है। इन अनियमितताओं को देखते हुए संचालनकर्ता एजेंसी राधाकृष्ण महिला स्व सहायता समूह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं शासकीय उचित मूल्य की दुकान द्वारा आई. डी क्र. 432009020 को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया है।